रायपुर : छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने की तैयारी शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी, जिसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाने की संभावना है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने नवीन विश्राम भवन में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें:

  • राजधानी रॉयल्स
  • चित्रकूट चैलेंजर्स
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
  • चक्रधर चैंपियंस
  • न्यायधानी नाइट्स
  • मैनपाट टाइटन्स

शामिल हैं। ये टीमें प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और हॉकी प्रतिभाओं को एक मंच पर लेकर आएंगी।

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की हॉकी में समृद्ध परंपरा रही है और प्रदेश में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। लीग का उद्देश्य इन खिलाड़ियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी टैगलाइन

लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। वहीं आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।

लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी भाषा की इस टैगलाइन का अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”

‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत के प्रतीक के रूप में चुना गया है।

‘बघवा’ साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है। शुभंकर खिलाड़ियों की जुझारू भावना और मैदान पर अपना दबदबा कायम करने की आकांक्षा को भी दर्शाता है।

सेमीफाइनल में पहुंचेंगी शीर्ष चार टीमें

प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका के आधार पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल के बाद फाइनल मुकाबले में विजेता टीम का फैसला होगा।

मैचों के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे। इससे प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।

दर्शकों के लिए प्रवेश रहेगा निःशुल्क

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इससे बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।

लीग के लॉन्चिंग कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *