रायपुर : छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने महासमुंद जिले में आदिवासी छात्रावासों और कन्या आश्रमों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों में स्वच्छता, भोजन, पेयजल, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री नेताम ने महासमुंद स्थित पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया और छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य, करियर और छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी मौजूद रहे।

चबूतरे पर बैठकर छात्राओं से की चर्चा

निरीक्षण के दौरान मंत्री नेताम छात्रावास परिसर में छात्राओं के साथ चबूतरे पर बैठकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विषय, परीक्षा की तैयारी और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा। उन्होंने यह भी जाना कि छात्राएं आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं और करियर को लेकर उनकी क्या योजनाएं हैं।

मंत्री ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को पढ़ाई के लिए अनुकूल और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्वास्थ्य और भोजन की भी ली जानकारी

मंत्री ने छात्राओं से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, अध्ययन कक्ष, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा जैसी सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्रावास में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए।

प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर मार्गदर्शन पर जोर

मंत्री नेताम ने कहा कि छात्रावास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि छात्राओं के अध्ययन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यहां ऐसा वातावरण बनाया जाए, जहां छात्राएं सुरक्षित महसूस करते हुए मन लगाकर पढ़ाई कर सकें।

उन्होंने अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और छात्राओं से लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और करियर से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्राएं अपनी जरूरत या परेशानी को अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों के सामने खुलकर रखें।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और छात्राओं के उत्साह एवं आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और छात्रावास अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *