रायपुर : छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतों के बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को अलर्ट किया है। बोर्ड ने बताया कि कुछ अनधिकृत वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया पेज छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की सुविधा देने का दावा कर रहे हैं।
ऐसे माध्यमों से पर्यटकों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी किए जाने की आशंका है। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि होटल, पर्यटन आवास या अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग से पहले वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की अच्छी तरह जांच कर लें।
सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से करें बुकिंग
पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग कराने से बचें।
बोर्ड के मुताबिक साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम और लोगो के अलावा पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित कर सकते हैं। आकर्षक कीमतों पर होटल, पर्यटन आवास या टूर पैकेज का ऑफर देकर ऑनलाइन भुगतान कराने की कोशिश की जा सकती है।
कम कीमत और तुरंत भुगतान के ऑफर से रहें सतर्क
पर्यटन बोर्ड ने सलाह दी है कि किसी भी बुकिंग के लिए निजी बैंक खाते, संदिग्ध पेमेंट लिंक या अनजान मोबाइल नंबर पर पैसे न भेजें।
अगर कोई व्यक्ति बहुत कम कीमत पर बुकिंग, सीमित समय का ऑफर या तुरंत भुगतान करने का दबाव बना रहा है, तो अतिरिक्त सावधानी बरतें और पहले उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि करें।
सूचना केंद्रों से भी ले सकते हैं जानकारी
पर्यटक रायपुर स्थित गढ़ कलेवा के सूचना केंद्र के अलावा छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में मौजूद पर्यटन सूचना केंद्रों से भी संपर्क कर सकते हैं। इन केंद्रों से पर्यटन स्थलों की जानकारी और उपलब्धता के आधार पर पर्यटन आवासों की बुकिंग से संबंधित सहायता ली जा सकती है।
संदेह हो तो हेल्पलाइन पर करें पुष्टि
किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की विश्वसनीयता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड से पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
+91-7714224600
18001026415
पर्यटन बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय केवल अधिकृत स्रोतों का इस्तेमाल करें। फर्जी वेबसाइटों और संदिग्ध बुकिंग ऑफर से सावधान रहकर ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।