नई दिल्ली : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति और प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री को राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ, वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, चिकित्सकों एवं चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता तथा आधुनिक उपचार सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।
बैठक में केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, गंभीर बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य बीमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में व्यापक काम हुआ है। आयुष्मान भारत सहित केंद्र की विभिन्न योजनाओं से जरूरतमंद परिवारों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के प्रयासों की जानकारी लेते हुए केंद्र सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी। विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।