दुर्ग : पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में वीर बलिदानियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से ‘शौर्य वाटिका’ का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शहीदों की स्मृति में पौधरोपण कर वाटिका की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने जिले के 37 शहीद परिवारों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

78.96 लाख के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सोनपुर में 78.96 लाख रुपये की लागत से पूर्ण विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा और शेड निर्माण सहित ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत 37.95 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड, अहाता और शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

शहीदों की स्मृति में लगाए गए पौधे

करीब एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीद परिवारों ने अपने वीर सपूतों की स्मृति में पौधे लगाए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीपल का पौधा रोपकर वाटिका में पौधरोपण की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि शौर्य वाटिका आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और बलिदान की प्रेरणा देगी। शहीदों की स्मृतियों को संजोना समाज और सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों का बड़ा योगदान

जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ा त्याग किया है। जवानों के बलिदान की बदौलत आज बस्तर में शांति और विकास का वातावरण तैयार हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिन दुर्गम क्षेत्रों में कभी पहुंचना मुश्किल था, वहां अब स्कूल, अस्पताल, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। सरकार गांवों के योजनाबद्ध विकास के लिए हरसंभव वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक, सुरेंद्र कौशिक, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *