रायपुर : नवा रायपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में ई-बसों के संचालन की तैयारी शुरू हो गई है। मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक में ई-बसों के संचालन के साथ कई महत्वपूर्ण निर्माण और सड़क परियोजनाओं पर चर्चा हुई।
बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (NRDA) और लोक निर्माण विभाग से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों की समीक्षा की गई। ई-बसों के अलावा कार्यालय भवन और प्रमुख सड़क परियोजनाओं के निर्माण को लेकर भी तकनीकी एवं क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।
नवा रायपुर में चलेंगी एसी ई-बसें
बैठक में नवा रायपुर में बैटरी से संचालित एसी ई-बसों के डिजाइन, खरीद, सप्लाई, संचालन और रखरखाव के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा जारी करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े तकनीकी और क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं की जानकारी समिति के सामने रखी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने भवन निर्माण की जरूरतों और परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा
लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़ जिले में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने परियोजना के लिए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति को दी।
अकलतरा बायपास का भी प्रस्ताव
जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास के निर्माण प्रस्ताव पर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। परियोजना के तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की प्रक्रिया पर चर्चा की गई।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।