रायपुर : स्वतंत्रता दिवस से पहले अंबिकापुर जिले के उदयपुर विकासखंड के ग्राम केदमा में देशभक्ति और विकास का खास नजारा देखने को मिला। यहां भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल शामिल हुए। इस दौरान ग्रामीणों को विकास की दो बड़ी सौगातें भी मिलीं। मंत्री ने 2 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से बने विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण किया और महतारी सदन के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों के साथ पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण आज देश स्वतंत्र है और इसकी एकता व अखंडता को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

महतारी सदन के भूमिपूजन के अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि माताएं और बहनें जितनी सशक्त होंगी, छत्तीसगढ़ उतना ही समृद्ध और मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेहतर सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर देना विकास का अहम हिस्सा है। प्रस्तावित महतारी सदन में महिला समूहों की बैठक, प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।

ग्राम केदमा में शुरू हुआ 2 करोड़ 42 लाख रुपए का विद्युत सब-स्टेशन क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करेगा। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। बेहतर बिजली व्यवस्था से घरेलू जरूरतों के साथ खेती, शिक्षा, छोटे कारोबार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी फायदा मिलेगा। मंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि गांवों तक भी शहरों जैसी मजबूत बुनियादी सुविधाएं पहुंचें।

मंत्री ने कहा कि केदमा में एक ही अवसर पर तिरंगा यात्रा, विद्युत सब-स्टेशन का लोकार्पण और महतारी सदन का भूमिपूजन विकास और राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा ने जहां लोगों में देशप्रेम और एकता की भावना को मजबूत किया, वहीं विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार और महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *