रायपुर : बलौदाबाजार में आयोजित युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता कार्यशाला में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने युवाओं को लक्ष्य तय कर लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उच्च शिक्षा विभाग और राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ की ओर से जिला ऑडिटोरियम में ‘नशामुक्त विकसित भारत, नशामुक्त सशक्त युवा’ और संत रविदास जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। वित्त मंत्री ने युवाओं से जीवन की चुनौतियों का मजबूती से सामना करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
ओपी चौधरी ने कहा कि युवाओं के भीतर ऊर्जा और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि इस ऊर्जा को सही दिशा में लगाया जाए। उन्होंने आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस और शहीद भगत सिंह जैसे युवाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि कम उम्र में भी बड़े काम किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने भीतर कुछ कर गुजरने का जुनून पैदा करने और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने की बात कही।
वित्त मंत्री ने कहा कि जीवन में मुश्किलें आएं तो रास्ता छोड़ने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों का उदाहरण देते हुए कहा कि गड्ढे आने पर हम सफर रोकते नहीं, बल्कि उन्हें पार करके आगे बढ़ते हैं। इसी तरह जीवन की चुनौतियों को पार करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सोच-समझकर जोखिम लेने और लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री हासिल करना ही काफी नहीं है, बल्कि युवाओं के पास रोजगार के लिए जरूरी कौशल भी होना चाहिए। अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल विकसित कर युवाओं को बदलते रोजगार बाजार के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 200 युवाओं को यूपीएससी की निःशुल्क कोचिंग की सुविधा दे रही है और विभिन्न विभागों में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया भी जारी है।
वित्त मंत्री ने सोशल मीडिया को युवाओं के लिए सीखने और अपने विचार साझा करने का अच्छा माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल ज्ञान, सकारात्मक विचार और रचनात्मक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए। युवाओं को भ्रामक और नकारात्मक सामग्री से दूरी बनाकर सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी गई।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति की भूमिका अहम होगी। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।