रायपुर : तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन दंतेवाड़ा में राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बड़ी संख्या में लोग इस यात्रा में शामिल हुए और तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दंतेवाड़ा जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई को निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा आज उन इलाकों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना भी मुश्किल था। अब उन्हीं जगहों पर पूरे गौरव और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान का प्रतीक बताया। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता और गौरव का प्रतीक है।

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजर रही है, जहां कभी वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था और नक्सल आतंक के कारण आम लोगों का पहुंचना मुश्किल था। अब इन क्षेत्रों में विकास के साथ राष्ट्रभक्ति का नया माहौल बन रहा है।

तिरंगा यात्रा के दौरान बस्तर में बदले माहौल की तस्वीर भी दिखाई दी। जिन इलाकों में कभी डर का माहौल था, वहां आज लोग हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का हिस्सा बन रहे हैं। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बस्तर आईजी बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ रामकृष्ण रंगनाथ वाय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *