रायपुर : नारायणपुर से शुरू हुई बस्तर तिरंगा यात्रा बुधवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में बारसूर पहुंची। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से भर गया।

दोनों मंत्रियों ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक यात्रा में हिस्सा लिया। बारसूर में उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी, उनके सम्मान में पौधारोपण किया और शहीद परिवारों से मुलाकात की।

हर घर तिरंगा का दिया संदेश

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर तिरंगा यात्रा शांति, विकास और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों के साहस, सरकार की इच्छाशक्ति और बस्तरवासियों के सहयोग से क्षेत्र में शांति और विकास का नया वातावरण बना है।

14 अगस्त को करेगुट्टा में होगा समापन

यात्रा 12 अगस्त को नारायणपुर से शुरू होकर दंतेवाड़ा पहुंची। 13 अगस्त को यह दंतेवाड़ा से सुकमा होते हुए बीजापुर पहुंचेगी। 14 अगस्त को बीजापुर से विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए करेगुट्टा पहाड़ी पर यात्रा का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *