रायपुर : हरेली तिहार के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के नवीन शासकीय आवास के गृह प्रवेश समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने मंत्री वर्मा और उनके परिजनों को गृह प्रवेश के साथ हरेली तिहार की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति, प्रकृति और ग्रामीण जीवन से जुड़ा प्रमुख लोक पर्व है। इस दिन किसान कृषि औजारों और गौवंश की पूजा कर अच्छी बारिश, भरपूर फसल और खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार खेती-किसानी है और किसान प्रदेश की प्रगति की धुरी हैं।

किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। साथ ही सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक तकनीक के जरिए खेती को अधिक लाभकारी बनाने पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ अन्य आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर है। किसान आर्थिक रूप से मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांवों की मजबूती से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की रफ्तार और तेज होगी।

डॉ. रमन सिंह ने दी हरेली की शुभकामनाएं

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हरेली के साथ ही छत्तीसगढ़ में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होता है। अच्छी बारिश से किसानों में बेहतर फसल की उम्मीद जगी है। उन्होंने प्रदेश के खेत-खलिहानों में खुशहाली और किसानों के समृद्ध होने की कामना की।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राम भजन की प्रस्तुति भी दी, जिससे समारोह का माहौल भक्तिमय हो गया। इस दौरान कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *