रायपुर : देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सारंगढ़ में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई यात्रा भारत माता चौक, नंदा चौक और अटल परिसर से होते हुए रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा यात्रा के दौरान हजारों स्कूली बच्चों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने नागरिकों से अपने-अपने घरों पर सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश का राष्ट्रीय स्वाभिमान है और इसकी रक्षा के लिए लाखों देशभक्तों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। तिरंगा हमें जाति, पंथ और धर्म से ऊपर उठकर एकता का संदेश देता है।

उन्होंने झांसी की रानी, मंगल पांडे और भगत सिंह जैसे अमर बलिदानियों को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *