रायपुर : राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में 25वीं छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026-27 का आगाज हुआ। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया। 9 से 13 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेशभर से अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राजनांदगांव में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन शहर के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, कराटे और कुश्ती जैसे खेलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। शहर को खेल नगरी के रूप में विकसित करने के लिए खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राजनांदगांव को संस्कारधानी के साथ खेलों की राजधानी बताया। उन्होंने कहा कि जिले ने कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया गया है, जबकि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों पर आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।

सांसद संतोष पाण्डेय ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए दिग्विजय स्टेडियम के संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेल सुविधाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अंडर-19 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के दौरान कोच, खेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *