रायपुर : बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला मेटापारा-कोरसागुड़ा का 21 वर्षों बाद दोबारा संचालन शुरू हो गया है। बंद पड़े स्कूलों को फिर से शुरू कर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।
स्कूल खुलने के साथ ही गांव में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय में प्रवेश लेने वाले 25 बच्चों का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया। बच्चों को स्लेट, पुस्तकें और पेंसिल भी वितरित की गईं। लंबे समय बाद गांव में स्कूल की शुरुआत होने से अभिभावकों और ग्रामीणों में भी उत्साह है।
गांव में लौटी पढ़ाई की रौनक
अब बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने गांव में ही शिक्षा हासिल कर सकेंगे। जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी ने बच्चों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
बीजापुर में 38 बंद स्कूल फिर शुरू
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि राज्य शासन और जिला प्रशासन के प्रयासों से वर्तमान शिक्षा सत्र में बीजापुर जिले के 38 बंद स्कूलों का पुनः संचालन शुरू किया जा चुका है। स्थानीय संसाधनों और शिक्षादूतों की मदद से इन विद्यालयों में पढ़ाई शुरू कराई जा रही है।
मेटापारा-कोरसागुड़ा स्कूल का दोबारा खुलना दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे वर्षों से शिक्षा से दूर रहे बच्चों को अपने गांव में ही पढ़ाई का अवसर मिल रहा है।