रायपुर : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमापाली में आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय जरूरतों की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

जन चौपाल के दौरान आमापाली की माताओं-बहनों की प्रेरणादायी पहल सामने आई। महिलाओं ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से स्वेच्छा से धनराशि एकत्रित कर भगवान जगन्नाथ मंदिर के प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए समर्पित की। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी की मिसाल बताया।

मंत्री चौधरी ने कहा कि आमापाली की बहनों ने संकल्प और स्वेच्छा के साथ मंदिर निर्माण में योगदान देकर यह साबित किया है कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ समाज और सामुदायिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह योगदान आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करता है।

वित्त मंत्री ने इस सराहनीय पहल के लिए ग्राम पंचायत आमापाली की सभी माताओं-बहनों और सहभागी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान की दिशा में पहल करना राज्य सरकार की जनकल्याण एवं सुशासन की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *