रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में आयोजित पहली राज्य स्तरीय स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है तथा उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव राज्य में खेलों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि सरकार ने हाल ही में 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों से राज्य की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिला है। बस्तर ओलंपिक में लगभग 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में 3.5 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भागीदारी की है।
उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि कॉन्क्लेव से मिले सुझावों के आधार पर राज्य के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
19 पदक विजेताओं को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को घोषित प्रोत्साहन राशि के चेक भी वितरित किए। छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक जीते थे।
स्वर्ण पदक विजेताओं को 2 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 1.5 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। वहीं टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक विजेता महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपये, रजत पदक विजेता पुरुष फुटबॉल टीम को 16.50 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम को 9 लाख रुपये दिए गए।
कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, खेल वैज्ञानिक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और देशभर के खेल विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।