धमतरी : सावन के पहले सोमवार पर धमतरी के रुद्री घाट में पहली बार भव्य महानदी गंगा आरती का आयोजन किया गया। 108 दीपों, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई इस आरती ने श्रद्धालुओं को काशी की गंगा आरती जैसा आध्यात्मिक अनुभव कराया। धमतरी युवा ब्रिगेड और श्री रुद्रेश्वर महादेव परिवार की पहल पर शुरू हुई यह आरती अब सावन के हर सोमवार को आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के संस्कृति एवं पर्यटन विभाग ने रुद्रेश्वर महादेव मंदिर परिसर के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये की योजना पर काम शुरू करने की घोषणा की। इस परियोजना के तहत रुद्रेश्वर धाम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
मास्टर प्लान के अनुसार मंदिर परिसर में भव्य प्रवेश द्वार, शिखर, दीप स्तंभ, विशाल नंदी प्रतिमा, चौड़े पैदल मार्ग, विश्राम गृह, फूड कोर्ट, प्रसाद एवं स्मृति केंद्र, सुरक्षित घाट और डिजिटल सूचना प्रणाली विकसित की जाएगी। इसके साथ ही AI आधारित हेल्थ कियोस्क, सांस्कृतिक मंडप, रिवर फ्रंट कॉटेज, ओपन एयर स्टेज, हरित उद्यान, सौर ऊर्जा पार्किंग, EV चार्जिंग स्टेशन, वर्षा जल संचयन और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी।
कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, महापौर जगदीश रामू रोहरा, कलेक्टर तथा पूर्व विधायक रंजना साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। माना जा रहा है कि इस पहल से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।