4078145881738806504
14271021545470334915

रायपुर : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर स्थित अपने निज निवास पर आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगरीय क्षेत्रों से आए लोगों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पर्यटन विकास और सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न जनहित के मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। राजेश अग्रवाल ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने और सभी मामलों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है और शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का समय पर समाधान हो। उन्होंने कहा कि जनदर्शन आम नागरिकों और शासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों को पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध कराया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी भावना के अनुरूप अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे और जनसमस्याओं के समाधान में मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *