4078145881738806504
14271021545470334915

गुना। यदि आप जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके पास सस्ते दरों पर रजिस्ट्री कराने का आखिरी मौका है। दरअसल 1 अप्रैल 2025 से गुना जिले में नई कलेक्टर गाइडलाइन लागू होने जा रही है, जिससे कई क्षेत्रों में जमीन के दाम 260 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं। इसी कारण मार्च के अंत तक रजिस्ट्री कराने पर खरीदार बड़ी टैक्स बचत कर सकते हैं।

बता दें कि कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता और विधायक पन्नालाल शाक्य की उपस्थिति में 7 मार्च को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए गुना जिले की भूमि, मकान जैसे अचल संपत्ति के बाजार मूल्य निर्धारण के लिए समिति के सदस्यों के बीच विस्तृत चर्चा की गई थी। साथ ही 13 मार्च तक प्रस्तावित गाइड लाइन पर नागरिकों के सुझाव मांगे गए थे।

अवकाश के दिनों में भी होगी रजिस्ट्री

वर्तमान वित्त वर्ष 2024-25 समाप्त होने में मात्र 7 दिन शेष बचे हैं। नए वित्तीय वर्ष में पंजीयन विभाग की नवीन कलेक्टर गाइड लाइन दरें लागू हो जाएंगी और उसी बढ़ी हुई दर के अनुसार पक्षकारों को रजिस्ट्री पर स्टाम्प व पंजीयन शुल्क चुकाना होगा। शासन द्वारा रजिस्ट्री में अधिकाधिक सुविधा देते हुए मार्च महीने में सभी दिनों में रजिस्ट्री कार्यालय खुले रखकर दस्तावेज पंजीयन कार्य निरंतर जारी रखने का आदेश जारी किए गये है। जिले के सभी पंजीयन कार्यालय रोजाना खुले रहेंगे। शनिवार, रविवार को भी कार्यालय खुले रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *