4078145881738806504
14271021545470334915
CG News: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार को बीजापुर पहुँचकर गंगालूर क्षेत्रान्तर्गत अंडरी के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में शामिल सुरक्षा बलों के जांबाज जवानों से जिले के रक्षित केंद्र में मुलाकात की और उनके साहसिक एवं सफल ऑपरेशन की सराहना कर उनका हौसला बढ़ाया।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवानों की भुजाओं की ताकत के बदौलत आज मैं सड़क मार्ग से बीजापुर आया हूँ। इससे पूर्व कोई भी गृहमंत्री सड़क मार्ग से बीजापुर नहीं आए। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी जवानों को बधाई देते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की ओर से सभी जवानों के लिए शुभकामना संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि जवानों के अद्भुत पराक्रम और शौर्य से बस्तर में सुख-शांति फिर से लौटेगी।
इस अभियान से देश और दुनिया की सोच बदली है। उन्होंने कहा कि बस्तर शांति का टापू रहा है, लेकिन कुछ दिग्भ्रमित लोगों के कारण यहां की शांति भंग हुई है। हमारे सुरक्षा बल और पुलिस के जवान ऐसे लोगों को नेस्तनाबूद करके ही रहेंगे। यह छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा ऑपरेशन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। भीषण मुठभेड़ में एक जांबाज जवान शहीद हुए, जिन्हें उपमुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

आत्मसमर्पित नक्सलियों का उपमुख्यमंत्री से सीधा संवाद

बीजापुर जिले के सुदूर क्षेत्रों, तेलंगाना सीमा से लगे पामेड़ सहित पालागुड़ा, मारूड़बाका, भैरमगढ़ के 28 आत्मसमर्पित नक्सलियों को कौशल विकास के तहत राजमिस्त्री एवं अन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। विगत तीन माह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आत्मसमर्पित नक्सलियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का स्वागत ’’भारत माता की जय’’ के नारों के साथ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *