जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में डल झील में कड़ाके की सर्दी में प्रवासी पक्षियों को खाना मुहैया कराने के लिए एक शख्स ने बर्ड फॉरेस्ट रिसॉर्ट बनाया है. मोहम्मद यासीन स्विट्जरलैंड में एक आरामदायक जीवन जी रहे थे. लेकिन अपनी दिवंगत मां के सपने को साकार करने के लिए वे श्रीनगर वापस लौट आए. जहां उसने प्रसिद्ध डल झील के बीच में पक्षियों के लिए एक फॉरेस्ट एरिया बनाया. इस अनोखे बर्ड फॉरेस्ट रिजॉर्ट के मालिक मोहम्मद यासीन ने कहा कि उन्होंने थाईलैंड, इंडोनेशिया, यूक्रेन और स्विट्जरलैंड में ऐसे बर्ड फॉरेस्ट रिजॉर्ट देखे हैं और उनसे प्रेरित हुए हैं. यासीन ने कहा कि पक्षी बोल नहीं सकते, उन्हें खिलाना हमारी जिम्मेदारी है. मैं और मेरा परिवार लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं. यात्रा के शौकीन यासीन को उनका जुनून स्विट्जरलैंड जाने से पहले कई जगहों पर ले गया. हालांकि, पक्षियों के लिए उनमें बचपन में ही लगाव पैदा हो गया था. जब उन्होंने अपनी मां को उन्हें दाना खिलाते हुए देखा था.