रायपुर, प्रदेश की ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर को होने वाली विशेष ग्राम सभा इस बार गांवों की विकास योजना तैयार करने का आधार बनेगी। ग्राम सभा से ‘विकसित भारत-जी राम जी’ योजना के तहत विकसित ग्राम पंचायत प्लान (VGPP) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी। ग्रामीण अपनी जरूरतों, उपलब्ध संसाधनों और प्राथमिक विकास कार्यों पर चर्चा कर गांव के लिए विकास का रोडमैप तैयार करेंगे।
विशेष ग्राम सभा में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, युवा और ग्रामीण शामिल होंगे। इस दौरान ‘रिफॉर्म उत्सव’ के जरिए योजना के तहत 125 दिवस रोजगार की वैधानिक गारंटी, मांग के 15 दिनों के भीतर रोजगार और समय पर मजदूरी भुगतान जैसे प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही 375 अनुमेय कार्यों के बारे में बताया जाएगा और स्थानीय जरूरत के अनुसार कार्यों के चयन पर चर्चा होगी।
VGPP तैयार करने के लिए ग्राम पंचायत के आधारभूत आंकड़ों, उपलब्ध संसाधनों और मौजूदा परिसंपत्तियों का आकलन किया जाएगा। अक्टूबर और नवंबर में बस्ती एवं वार्ड स्तर पर सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन, स्थल सत्यापन और सामुदायिक परामर्श के माध्यम से गांव की वास्तविक जरूरतों और विकास की कमियों को चिह्नित किया जाएगा।
ग्रामीणों से मिले सुझावों के आधार पर तैयार VGPP का प्रारूप दिसंबर में ग्राम सभा के सामने रखा जाएगा। चर्चा और आवश्यक संशोधनों के बाद इसे मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद योजनाओं का विकासखंड और जिला स्तर पर समेकन किया जाएगा तथा पूरी प्रक्रिया 15 जनवरी तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्राम पंचायतें स्थानीय जरूरतों के अनुसार जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे सकेंगी। आजीविका डबरी, मत्स्य पालन तालाब और मौसमी आपदाओं के प्रभाव को कम करने वाले कार्यों सहित 375 अनुमेय कार्यों में से जरूरत के अनुसार कार्य चुने जा सकेंगे। पंचायतों में लगाए गए QR कोड और उपलब्ध कराए गए सूचना बिंदुओं के माध्यम से ग्रामीण योजना से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।