रायपुर, सेवा संकल्प अभियान के तहत सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायत तराजू में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान कर साप्ताहिक बाजार और तालाब के आसपास सफाई की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वच्छता का संदेश दिया।
मंत्री ने झाड़ू लगाकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की और ग्रामीणों से अपने घरों के साथ बाजार, तालाब, सड़क और अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसे केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है।
सामूहिक श्रमदान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्वच्छताग्राहियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, जलस्रोतों के आसपास गंदगी नहीं फैलाने और गांव की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता गतिविधियां ग्राम तराजू तक सीमित नहीं रहीं। लखनपुर विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों के शासकीय कार्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वच्छताग्राहियों ने श्रमदान कर परिसरों की साफ-सफाई की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। अभियान के जरिए ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया गया।