• भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की पहल से पूरा हो रहा श्रमिक परिवारों का सपना

  • पंजीकृत राजमिस्त्री और रेजा-कुली के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा

  • राजकुमार कॉलेज रायपुर, DPS राजनांदगांव और संस्कार द गुरुकुल बस्तर जैसे बड़े संस्थानों में मिला प्रवेश

  • दूरस्थ आदिवासी अंचलों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और करियर की मजबूत नींव

रायपुर/नारायणपुर: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित ‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना’ नारायणपुर जिले के श्रमिक परिवारों के बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे रही है। आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के कारण जिन बड़े निजी और प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में अपने बच्चों को पढ़ाना गरीब परिवारों के लिए सपना होता था, आज इस योजना की मदद से उन संस्थानों के दरवाजे मेधावी बच्चों के लिए खुल गए हैं। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण और आवासीय शिक्षा दी जा रही है।

साहिल का राजकुमार कॉलेज तो तेजल का DPS में चयन योजना के माध्यम से जिले के कई प्रतिभावान बच्चों को राज्य के शीर्ष शिक्षण संस्थानों में दाखिला मिला है:

  • साहिल दुग्गा: खरगांव निवासी राजमिस्त्री रामधर दुग्गा के पुत्र साहिल का चयन ‘राजकुमार कॉलेज, रायपुर’ में हुआ है।

  • तेजल जैन: नारायणपुर (जगदीश मंदिर वार्ड) की रेजा-कुली डिगेश्वरी जैन की पुत्री तेजल का चयन ‘दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), राजनांदगांव’ में हुआ है।

  • दिप्ती उसेंडी एवं पूर्वी पात्र: सुदूर ग्राम कुतुल की रेजा-कुली गणेशिया उसेंडी की बेटी दिप्ती और बाकुलवाही निवासी दयाल सिंह की पुत्री पूर्वी को ‘संस्कार द गुरुकुल, बस्तर’ में प्रवेश मिला है।

  • हिमांशु राना: ग्राम बोरण्ड निवासी बेनु राम राना के पुत्र हिमांशु का चयन ‘कृष्णा एजुकेशन सोसायटी, भिलाई’ में हुआ है।

दूरस्थ अंचलों में जागा नया आत्मविश्वास यह योजना केवल निःशुल्क शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बस्तर और नारायणपुर के सुदूर आदिवासी अंचलों के बच्चों में आत्मविश्वास का नया संचार कर रही है। एक सुरक्षित और समृद्ध शैक्षणिक वातावरण मिलने से ये बच्चे अपनी प्रतिभा को निखारकर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकेंगे।

हितग्राही परिवारों ने बच्चों के भविष्य को संवारने वाली इस दूरगामी पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *