मंत्रिपरिषद की मंजूरी के बाद कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, अभिनंदन समारोह में किया आमंत्रित रायपुर, छत्तीसगढ़ के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस फैसले के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही उन्हें फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और अधिकारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इस निर्णय से लाखों कर्मचारियों के साथ उनके आश्रित परिवारों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि गंभीर बीमारी या अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर कर्मचारियों को इलाज के लिए बड़ी रकम की व्यवस्था करनी पड़ती थी। इसके बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ता था। कैशलेस सुविधा लागू होने से इन परेशानियों में कमी आएगी और जरूरत के समय बेहतर उपचार प्राप्त करना आसान होगा। प्रतिनिधिमंडल ने इस फैसले को कर्मचारियों और उनके परिवारों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *