युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग-2027 के अंतर्गत गुरुवार को सबरी ऑडिटोरियम, सुकमा में जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, सुकमा द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 27 युवा वक्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवा संसद का मुख्य विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रहा, जिस पर प्रतिभागियों ने अपने विचारों, तर्कों एवं सुझावों के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन ने युवाओं का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, नगर पालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। जिला खेल अधिकारी कैलाश कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के विचारों, तार्किक क्षमता, विषय की समझ एवं अभिव्यक्ति कौशल के आधार पर उनका मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में शिक्षा सिंह ने प्रथम, शिवम बंसल ने द्वितीय तथा राजेश सरकार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रिया, सुशासन, प्रशासनिक व्यवस्था तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को न केवल अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का मंच मिला, बल्कि उनमें तार्किक चिंतन, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ते हुए माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के विकसित भारत /2047 के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। आयोजन की सफलता में डल् ठींतंज कोऑर्डिनेटर  रेशमा परवीन, यूथ आइकॉन सुशील मरकाम, पुनर्जीवा यूथ क्लब के सदस्यों एवं डल् ठींतंज वॉलंटियर्स का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में युवा नागरिक उपस्थित रहे। जिला प्रशासन एवं मेरा युवा भारत की यह संयुक्त पहल सुकमा के युवाओं को नेतृत्व, संवाद और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *