बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 316 करोड़ 55 लाख रुपए के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए के 97 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ भी किया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों की करीब 20 साल पुरानी मांग पूरी हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निर्माण करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि, महिलाओं के सशक्तीकरण और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, चरण पादुका योजना और श्रीरामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाएं और शिकायतों के निराकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। कृषक उन्नति योजना में संशोधन कर कम उत्पादन की स्थिति में भी निर्धारित मात्रा के अनुसार अंतर की राशि देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने किसानों को दो वर्षों के बकाया बोनस के भुगतान का भी उल्लेख किया।
सुहेला में महाविद्यालय भवन के लिए 5 करोड़ रुपए की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की। इसके अलावा नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान, सुहेला तहसील के 20 स्कूलों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए और बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को सहायता सामग्री, चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए। तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए, वहीं पांच सोलर दीदियों को सम्मानित किया गया। किसानों को गेहूं और सरसों के बीज वितरित करने के साथ 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक प्रदान किए गए।
इसके अलावा पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और तीन दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल एवं व्हीलचेयर दी गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान कार्ड, आयुष्मान वय वंदन कार्ड और चश्मों का वितरण किया गया। वहीं, कौशल विकास विभाग के कार्यक्रम के तहत जिले के 53 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सड़क और सिंचाई सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग, 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से सुहेला तिराहे के तीन मार्गों पर डिवाइडर एवं प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण और 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण शामिल हैं।
वहीं, लोकार्पित कार्यों में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण और 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से पलारी में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भवन का निर्माण प्रमुख है। इसके साथ ही विभिन्न गांवों में स्टॉपडेम का निर्माण भी पूरा किया गया है।
कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।