रायपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की समर्पित जनसेवा के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने गौरेला विकासखंड के ग्राम पंचायत धनौली पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों से आत्मीय संवाद किया और उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का जायजा लिया।
पीएम जनमन आवास और ‘लखपति दीदी’ की सफलता
-
आवास का अवलोकन: मंत्री श्री अग्रवाल ने ‘पीएम जनमन आवास योजना’ के हितग्राही कार्तिक राम बैगा और धीरपाल सिंह बैगा के नवनिर्मित आवासों का अवलोकन किया। पक्का मकान मिलने पर हितग्राहियों ने प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
-
लखपति दीदी भानुकला बैगा: ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्वसहायता समूह से जुड़ी श्रीमती भानुकला बैगा (धीरपाल सिंह की पत्नी) ने बकरी पालन और अन्य आजीविका गतिविधियों के जरिए लखपति दीदी बनने की उपलब्धि हासिल की है। मंत्री ने उनकी सफलता को सराहते हुए उन्हें आगे भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ और ग्रामीणों का आतिथ्य
-
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा: अभियान के दौरान मंत्री ने ‘आयुष्मान भारत योजना’ के लाभार्थी नेमचंद गुर्जर से मुलाकात की। श्री गुर्जर ने बताया कि उन्होंने आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उपचार और रेबीज का टीकाकरण का लाभ लिया है। मंत्री ने परिवार से उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
-
आत्मीय आतिथ्य: मुलाकात के दौरान गुर्जर परिवार ने मंत्री राजेश अग्रवाल का स्वागत किया और उन्हें गरमा-गरम स्वादिष्ट भुट्टा खिलाया। इस सहज और ग्रामीण आतिथ्य ने सभी का मन मोह लिया।
जनभागीदारी से मजबूत हो रहा सेवा संकल्प अभियान
ग्रामीणों से संवाद करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाकर इस अभियान से जुड़ने का आग्रह किया।
इस अवसर पर विधायक प्रणव कुमार मरपची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, कलेक्टर विजय दयाराम के., जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।