संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस और पीडब्ल्यूडी आवासीय परिसर की गुणवत्ता का लिया जायजा
रायपुर, लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय मोहला में निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस और लोक निर्माण विभाग के आवासीय परिसर की प्रगति एवं निर्माण गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही, विभिन्न कार्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके और आम लोगों को इनका लाभ मिल सके।
सचिव ने राजनांदगांव-डोंगरगांव-चौकी-मोहला-मानपुर मार्ग का भी निरीक्षण किया। लगभग 99.20 किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग की स्थिति और संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सड़क के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। ऐसे में सड़क की स्थिति बेहतर बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ कार्य किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। सचिव ने निर्देशित किया कि सभी कार्यों में निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत और अधीक्षण अभियंता अपर्णा चौरपगार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।