लीग की टॉप टीम को सेमीफाइनल में दी शिकस्त, शाहरुख की हैट्रिक ने जीत में निभाई अहम भूमिका
रायपुर, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को पहला फाइनलिस्ट मिल गया है। पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया और खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली। टूर्नामेंट में अब तक मजबूत प्रदर्शन करने वाली न्यायधानी नाइट्स को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन आखिरी क्वार्टर में स्ट्राइकर्स ने लगातार गोल कर जीत अपने नाम कर ली।
लीग चरण में न्यायधानी नाइट्स शीर्ष स्थान पर रही थी और उसने एक भी मुकाबला नहीं गंवाया था। टीम ने लीग मैच में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को भी 5-3 से हराया था। वहीं, स्ट्राइकर्स चौथी क्वालीफायर टीम के रूप में सेमीफाइनल तक पहुंची थी। ऐसे में सेमीफाइनल में उसकी जीत को टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच बराबरी की टक्कर
मुकाबले की शुरुआत में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की ओर से शाहरुख ने शानदार फ्लिक लगाकर गोल किया। इसके बाद न्यायधानी नाइट्स के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। पहले क्वार्टर के अंतिम मिनटों में चिराग ने मिडफील्ड से मिली गेंद पर डिफेंडरों को छकाते हुए गोल किया और नाइट्स को 2-1 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों ने तेज खेल जारी रखा। आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर लीग का अपना 13वां गोल किया और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद 24वें मिनट में अरबाज अली ने गोल कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।
शाहरुख की हैट्रिक से बदला मैच का रुख
तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने शानदार फील्ड गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया। इसके कुछ देर बाद पेनल्टी कॉर्नर से मिले रिबाउंड पर गोल दागकर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। इस प्रदर्शन ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
आखिरी क्वार्टर में आर्यन ज़ेस ने पांचवां गोल कर टीम की बढ़त बढ़ाई। इसके बाद ओम कुमार यादव ने निशांत तिर्की के साथ मिलकर छठा गोल किया और स्कोर 6-3 कर दिया। इस जीत के साथ संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहला सेमीफाइनल देखने कृषि मंत्री रामविचार नेताम, अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, नईदुनिया के संपादक सतीश चन्द्र श्रीवास्तव, आईबीसी-24 के प्रबंध संपादक विश्वेश ठाकरे, एनटीपीसी के जीएम प्रवीण गर्ग, सारडा के प्लांट हेड मनोज शाह और एसबीआई के मुख्य प्रबंधक गौरव यादव सहित कई अतिथि स्टेडियम पहुंचे थे।