स्वामी आत्मानंद स्कूलों के 1,812 संविदा पदों के लिए 34,514 अभ्यर्थियों को जारी हुए प्रवेश पत्र, 4 नवंबर तक चलेगी CBT परीक्षा
रायपुर, छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के पहले दिन अभ्यर्थियों की अच्छी उपस्थिति रही। प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। 1,812 रिक्त पदों के लिए यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, पहले दिन 10 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इनमें कुल 8,202 अभ्यर्थियों में से 7,025 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अनुपस्थित रहे। विषयवार आंकड़ों में शिक्षक गणित में सबसे अधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
अन्य विषयों में व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत, जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत, संस्कृत में 81.77 प्रतिशत और इतिहास में 80.56 प्रतिशत उपस्थिति रही। वहीं रसायन में 77.07 प्रतिशत, व्यायाम शिक्षक में 76.90 प्रतिशत, भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, जो कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है। आवेदन करने वालों में 20,779 महिलाएं और 13,825 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा 332 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है।
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में पहली बार इस भर्ती परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था को ओएमआर और पारंपरिक पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में तेज और सुविधाजनक बताया। कंप्यूटर के माध्यम से उत्तरों का मूल्यांकन होने से परिणाम तैयार करने में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है।
परीक्षा प्रक्रिया में डिजिटल रिकॉर्ड, उत्तर कुंजी और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से पारदर्शिता बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। अभ्यर्थियों ने भविष्य में अन्य भर्ती परीक्षाओं को भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।