राष्ट्रीय एकता दिवस पर माना में परेड समारोह, उप मुख्यमंत्री ने ली सलामी; कहा- नक्सलवाद के खिलाफ सफलता से बस्तर में शांति और विकास के नए दौर की शुरुआत रायपुर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी, माना में परेड समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट का अवलोकन किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से 560 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण, विश्वास और साझा जिम्मेदारी का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी देश की एकता और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। नक्सलवाद के खिलाफ सफलता से बस्तर में विकास की नई उम्मीद गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय लोगों के सहयोग से कभी हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब शांति, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नक्सलवाद का अंत करना नहीं, बल्कि बस्तर के प्रत्येक गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना है। जनजातीय समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्राथमिकता है। बस्तर के लोग अपने क्षेत्र के शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों की स्मृति में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने शहीद जवानों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया। प्रदर्शनी में नक्सल विरोधी अभियानों, सुरक्षा बलों के साहस और पुलिस विभाग की कल्याणकारी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। शर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित करने के पीछे वीर जवानों का साहस, त्याग और बलिदान है। देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। एकता नगर की राष्ट्रीय परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों ने दिखाया दम गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में भी छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। माना में आयोजित समारोह के दौरान इस परेड का सीधा प्रसारण भी देखा गया। राष्ट्रीय परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने टू-आईसी की जिम्मेदारी निभाई। डीएसपी अमृता पैंकरा के नेतृत्व में बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो, डीएसपी कुलदीप बंजारे के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) और डीएसपी ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के जवानों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। नक्सल विरोधी अभियानों में भूमिका निभाने वाले इन बलों की राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता प्रदेश के लिए गौरव का अवसर रही। नाट्य प्रस्तुति में दिखाई नक्सलवाद से शांति तक की यात्रा समारोह में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष से लेकर शांति स्थापना तक की यात्रा पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी आयोजित की गई। इसमें नक्सलवाद के कारण पैदा हुई परिस्थितियों, सुरक्षा बलों के अभियानों, जवानों के बलिदान और स्थानीय लोगों की भावनाओं को दर्शाया गया। प्रस्तुति में बस्तर के युवाओं ने भी कलाकार के रूप में भाग लिया। इसके माध्यम से हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ते बस्तर की तस्वीर पेश की गई। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता एवं अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, शहीद जवानों के परिजन, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *