1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में सजेगा तीन दिवसीय महोत्सव, अमित शाह करेंगे समापन; सभी जिला मुख्यालयों में भी होंगे आयोजन
रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस बार महोत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रदेश की लोकसंस्कृति, पारंपरिक शिल्प, विकास उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं की झलक देखने को मिलेगी। विभागीय प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भारतीय वायुसेना के एयर शो को आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनाया गया है।
राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के मुख्य आतिथ्य में होगा। दूसरे दिन 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
विकास प्रदर्शनियों में दिखेगी छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा
राज्योत्सव का आयोजन नवा रायपुर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में होगा। यहां विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
प्रदर्शनियों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। वहीं, शिल्पग्राम में प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प, लोककला और स्थानीय कारीगरों के हुनर को प्रदर्शित किया जाएगा।
सेंध लेक में पांच हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हवाई करतब
राज्योत्सव का सबसे रोमांचक आकर्षण 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित होने वाला भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। इसमें वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ हवाई करतब दिखाएगी। टीम के पायलट आसमान में आकर्षक हवाई संरचनाएं बनाकर अपने कौशल और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन करेंगे।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली इस टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। मोर से प्रेरित रंग-सज्जा वाले हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेगी।
तीनों शाम बॉलीवुड कलाकारों के नाम
राज्योत्सव में प्रतिदिन शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। इनमें स्थानीय कलाकारों से लेकर राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों तक को मंच मिलेगा। शाम 7 बजे से राज्य स्तरीय और रात 8 बजे से राष्ट्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
1 नवंबर: बॉलीवुड पार्श्व गायिका पलक मुच्छल।
2 नवंबर: पार्श्व गायिका स्वास्ति मेहुल।
3 नवंबर: प्रसिद्ध गायक अभिजीत भट्टाचार्य।
इन प्रस्तुतियों के साथ छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उत्सव का हिस्सा होंगे।
सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को मनेगा राज्योत्सव
राज्य स्तरीय आयोजन के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव मनाया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय कला, प्रतिभाओं और जिलों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव के माध्यम से उनके योगदान को याद करने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। इस बार महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं को केंद्र में रखकर आयोजित होने वाला यह महोत्सव प्रदेश की विरासत और विकास के संकल्प को एक मंच पर प्रस्तुत करेगा।