घर बैठे होंगे परिवहन विभाग से जुड़े काम, सोनबरसा जंगल सफारी को 4 नई जिप्सियां और 1.5 करोड़ की सौगात
रायपुर, बलौदाबाजार जिले में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में नया कदम उठाया गया है। ग्राम पंचायत परसाभदेर में नवनिर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का सोमवार को परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने लोकार्पण किया। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। इसी दौरान सोनबरसा जंगल सफारी के विकास के लिए 1.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति के साथ 4 नई जिप्सियों की सौगात भी दी गई।
नया परिवहन कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस है। लोकार्पण के बाद मंत्रियों और अधिकारियों ने भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान आम लोगों की सुविधा और नागरिक केंद्रित सेवाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाओं को तेजी से डिजिटल किया जा रहा है। आने वाले समय में परिवहन से जुड़े कई जरूरी काम लोग घर बैठे ही पूरा कर सकेंगे। उन्होंने जिले में पंजीकृत 2 लाख 14 हजार से अधिक वाहनों का जिक्र करते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। खासकर नाबालिग स्कूली बच्चों के वाहन चलाने पर उन्होंने अभिभावकों से सतर्क रहने को कहा।
मंत्री ने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए संचालित ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत डेढ़ लाख रुपये तक के मुफ्त और कैशलेस इलाज की व्यवस्था है। उन्होंने जिले की 5 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में परिवहन सुविधा केंद्रों के संचालन और 572 लर्निंग लाइसेंस जारी होने का भी उल्लेख किया।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बताया कि नया जिला परिवहन कार्यालय महज पौने दो साल में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिले में अत्याधुनिक वाहन टेस्टिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे वाहन जांच के लिए लोगों को दूसरे शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कार्यक्रम में 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क बस पास दिए गए। इसके अलावा 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस और 5 चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में कार्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।