रायपुर : छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की एकमात्र मासिक कार्टून पत्रिका कार्टून वॉच द्वारा जगदलपुर में स्कूली विद्यार्थियों के लिए ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम पर विशेष कार्टून कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर कला का प्रशिक्षण देना तथा बस्तर की संस्कृति, पर्यटन और लोकजीवन को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर विकास, पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और अन्य लोकपर्वों की समृद्ध विरासत को इस कार्यशाला में कार्टून कला के माध्यम से अभिव्यक्ति दी जाएगी।

कार्टून वॉच के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने बताया कि ‘मुस्कुराता बस्तर’ थीम का उद्देश्य बस्तर की सकारात्मक छवि को रचनात्मक तरीके से देशभर तक पहुंचाना है।

कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने का प्रशिक्षण देंगे। साथ ही उन्हें कार्टून कला के रचनात्मक, सामाजिक और रोजगारपरक पहलुओं की भी जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, लोक परंपराओं तथा प्राकृतिक धरोहर से रचनात्मक रूप से जुड़ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *