रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के प्रयासों से तिल्दा विकासखंड के 50 शासकीय विद्यालयों में आधुनिक बालिका शौचालय निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह राशि जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) मद से स्वीकृत की गई है।

योजना के तहत प्रत्येक विद्यालय में 7 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक बालिका शौचालय का निर्माण किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से छात्राओं को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों को लाभ होगा।

राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों के सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी कई बार छात्राओं की पढ़ाई में बाधा बनती है। ऐसे में आधुनिक बालिका शौचालयों का निर्माण उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रशासनिक स्वीकृति के अनुसार तिल्दा जनपद क्षेत्र की 50 ग्राम पंचायतों के शासकीय विद्यालयों में एक-एक बालिका शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। इनमें छपोरा, कोहका, मोहरेंगा, खौना, आलेसुर, कोटा, बोईरझीटी, अल्दा, मानपुर, इल्दा, सतभावा, सरोरा, भिंभौरी सहित अन्य ग्राम पंचायतों के विद्यालय शामिल हैं।

इस स्वीकृति के बाद तिल्दा क्षेत्र के ग्रामीणों, छात्राओं और अभिभावकों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे बालिका शिक्षा और स्वच्छता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए राज्य सरकार और राजस्व मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

मंत्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि छात्राओं को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *