रायपुर : महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रविवार को शंकर नगर स्थित शासकीय बालिका गृह में बेटियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी सुनी। इस दौरान मंत्री ने बालिकाओं से बातचीत कर उनके सपनों, रुचियों और भविष्य को लेकर उनकी सोच भी जानी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बेटियों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचार सुनना उनके लिए आत्मीय अनुभव रहा। ‘मन की बात’ के जरिए सकारात्मक सोच, नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों से जुड़ने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में बालिकाओं ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि हर बेटी को सुरक्षित माहौल, अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि बालिकाओं को उनकी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं और मार्गदर्शन मिले, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
मंत्री ने कहा कि शासकीय बालिका गृह में रह रही बेटियों के सपनों को साकार करने के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिक्षा, संरक्षण और कौशल विकास के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं में प्रधानमंत्री के संदेश को लेकर उत्साह देखने को मिला। मंत्री ने उनके साथ संवाद करते हुए उन्हें आगे बढ़ने, अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और जीवन में नए लक्ष्य तय करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों का आत्मविश्वास मजबूत होगा तो वे अपने साथ परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।