रायपुर,अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में ‘सियान सेवा महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कार्यक्रम में वरिष्ठजनों से संवाद किया। इस दौरान 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। कार्यक्रम में ‘सियान आशीष सेवा’ के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,810 वरिष्ठजनों को देशभर में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास वितरित किए गए। इसके साथ ही जरूरतमंद वरिष्ठजनों को 2 हजार छड़ियां, 1 हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल भी प्रदान की गईं। मंत्री ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की ताकत है और उनकी गरिमा बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। मंत्री ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं से प्रदेश के 15,90,080 वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 2,55,845 वरिष्ठजनों को आध्यात्मिक यात्रा का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार वरिष्ठजनों के लिए पेंशन के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा, आवागमन, देखभाल और सामाजिक सहभागिता पर भी ध्यान दे रही है। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर रायपुर जिला प्रशासन ने ‘प्रोजेक्ट सियान आशीष सेवा’ और ‘प्रोजेक्ट सियान श्रम सम्मान’ की शुरुआत की। सियान आशीष सेवा के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को देशभर में यात्रा के लिए निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल की गई है। वहीं सियान श्रम सम्मान के तहत पात्र वरिष्ठ निर्माण श्रमिकों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। कार्यक्रम में 60 वरिष्ठ श्रमिकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मंत्री ने वरिष्ठजनों के लिए संचालित सियान हेल्पलाइन 155326 की जानकारी देते हुए कहा कि जरूरत के समय वरिष्ठजनों को सहायता और भरोसा मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां वरिष्ठजन सुरक्षित, स्वस्थ, सक्रिय और सम्मान के साथ जीवन जी सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में वरिष्ठजनों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *