रायपुर : राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के संचालन और विस्तार को लेकर गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में बैठक हुई। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में ITMS के नियमित संचालन, रखरखाव, वित्तीय व्यवस्था और तकनीकी उन्नयन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ITMS से जुड़े लंबित वित्तीय दायित्वों की समीक्षा की गई। सिस्टम के लगातार और प्रभावी संचालन के लिए वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करने के साथ दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने इसके संचालन और रखरखाव में आने वाली जरूरतों को लेकर भी चर्चा की।

कैमरों और तकनीकी संसाधनों को किया जाएगा अपग्रेड

ITMS के तहत लगाए गए कैमरों, सर्वर, उपकरणों और सॉफ्टवेयर को समय के साथ अपग्रेड करने की जरूरत पर भी बैठक में जोर दिया गया। बदलती तकनीक और ट्रैफिक की बढ़ती जरूरतों के मुताबिक सिस्टम को आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई, ताकि यातायात निगरानी और प्रबंधन को और प्रभावी बनाया जा सके।

नई सड़कों और प्रमुख जंक्शनों तक पहुंचेगा ITMS

राजधानी की नई सड़कों, प्रमुख कॉरिडोर और नए जंक्शनों तक ITMS का विस्तार करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इसके लिए जरूरी तकनीकी और वित्तीय संसाधनों का आकलन कर चरणबद्ध तरीके से सिस्टम का विस्तार करने की योजना पर चर्चा हुई।

बैठक में ITMS के संचालन, रखरखाव, तकनीकी अपग्रेड और भविष्य के विस्तार के लिए दीर्घकालिक वित्तीय रोडमैप तैयार करने पर भी सहमति बनी। इससे राजधानी में ट्रैफिक मैनेजमेंट और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बैठक में डीजीपी श्री अरुण देव गौतम, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, एडीजीपी श्री दीपांशु काबरा, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, वित्त एवं जनसम्पर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, एनआरडीए के सीईओ श्री चंदन कुमार, रायपुर कलेक्टर श्री गौरव कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *