रायपुर : नवा रायपुर अटल नगर अब आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के साथ निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। बेहतर अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के बीच टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
नवा रायपुर के ग्राम कुर्रू में विकसित हो रहे टेक्सटाइल पार्क के लिए 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड 235 करोड़ रुपए के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित कर रही है, जिससे करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपए के निवेश का समझौता हुआ है। टेक्सटाइल पार्क से करीब 10 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य है।
सेक्टर-22 में 132 एकड़ में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें लगभग 2 हजार करोड़ रुपए के निवेश और करीब 1,400 रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ के साथ 735 करोड़ रुपए के एमओयू किए जा चुके हैं।
इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के क्षेत्र में भी नवा रायपुर में गतिविधियां बढ़ रही हैं। यश फैंस ने 110 करोड़ रुपए के निवेश से होम अप्लायंसेज निर्माण इकाई शुरू की है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है, जहां आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
MSME क्षेत्र को भी औद्योगिक विस्तार का महत्वपूर्ण आधार बनाया जा रहा है। सेक्टर-05 में विनिर्माण उद्योगों के लिए भूमि आवंटित की गई है। यहां वर्तमान में 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है और भविष्य में 12 हजार से अधिक रोजगार की संभावना जताई गई है।
नवा रायपुर में आईटी और डिजिटल क्षेत्र का इकोसिस्टम भी विकसित हो रहा है। 2,000 सीटों वाला प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। इसके साथ ही AI आधारित डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित SEZ और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसी परियोजनाएं शहर की औद्योगिक संभावनाओं को और मजबूत कर रही हैं।
इन परियोजनाओं से नवा रायपुर में उत्पादन, तकनीकी सेवाओं, लॉजिस्टिक्स, प्रबंधन और कौशल आधारित रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, MSME और डिजिटल उद्योगों के विस्तार से शहर की अर्थव्यवस्था को विविधता मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।
नवा रायपुर की बदलती औद्योगिक तस्वीर यह संकेत दे रही है कि शहर अब केवल प्रशासनिक राजधानी नहीं, बल्कि निवेश और रोजगार के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है।