रायपुर, मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए हैं। जिले के तीन खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। 12 से 15 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के पैरा तैराकों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जिले के रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक हासिल किया। उन्होंने 50 मीटर और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने के साथ रिकॉर्ड भी बनाया। वहीं, जन्तराम पनिका ने दो कांस्य और मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में शानदार सफलता हासिल करने के बाद तीनों पदक विजेता खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने साबित किया है कि मेहनत, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है। इन खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *