रायपुर, छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच एमओयू किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि AI शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और शिक्षण प्रभावशीलता बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों को केवल जानकारी नहीं देता, बल्कि उनमें सोचने, समझने और सवाल करने की क्षमता भी विकसित करता है। AI इस भूमिका को और प्रभावी बना सकता है।
मंत्री ने बताया कि AI तकनीक की मदद से शिक्षक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, पाठ योजनाएं बनाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन में इसका उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा शोध कार्यों और शैक्षणिक गतिविधियों में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी। वहीं, विभागीय कार्यालयों में दस्तावेज तैयार करने, पत्राचार और सूचनाओं के विश्लेषण जैसे कार्यों में भी AI से समय की बचत होगी।
इस पहल के तहत रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री टंक राम वर्मा ने AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक से प्राप्त हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक या प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका सत्यापन करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि गूगल फॉर एजुकेशन के साथ यह साझेदारी प्रदेश की उच्च शिक्षा में तकनीकी नवाचार और गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड ईशा पोरवाल जैन सहित विभागीय अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।