रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका से लोकभवन में पत्र सूचना कार्यालय चेन्नई के निदेशक पी. अरुण कुमार के नेतृत्व में चेन्नई से आए पत्रकारों के दल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ के विकास, बस्तर में नक्सलवाद के बाद बदलते हालात और राज्य में उद्योग-व्यापार की बढ़ती संभावनाओं पर चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद की समाप्ति के बाद लोग तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार समेत कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास जारी हैं।

उद्योग-व्यापार में बढ़ रही संभावनाएं

राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और वनोपज, कृषि, उद्योग व व्यापार के क्षेत्र में यहां बड़ी संभावनाएं हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी और उद्योगपति राज्य में निवेश और कारोबार के लिए रुचि दिखा रहे हैं।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने चेन्नई से आए पत्रकारों को छत्तीसगढ़ के वन उत्पाद भेंट किए और शाल पहनाकर सम्मानित किया। उन्हें स्मृति चिह्न भी दिए गए। वहीं पत्रकारों ने राज्यपाल को महाबलीपुरम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।

इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना भी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *