रायपुर, रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय फुटबॉल, तीरंदाजी, हॉकी और एथलेटिक्स अकादमियों में प्रवेश के लिए दो दिवसीय चयन ट्रायल शुरू हो गया है। पहले दिन 144 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच के साथ शारीरिक दक्षता और चिकित्सकीय परीक्षण किया गया।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की ऊंचाई और वजन के साथ वर्टिकल जंप, 30 मीटर दौड़, शटल रन, बॉल थ्रो, 800 मीटर दौड़ और सीट-अप जैसी गतिविधियों के जरिए उनकी शारीरिक क्षमता का आकलन किया गया। यह प्रक्रिया विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की निगरानी में पूरी हुई।
अब चयन ट्रायल के दूसरे दिन यानी 1 अक्टूबर को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। इसमें फुटबॉल, तीरंदाजी, हॉकी और एथलेटिक्स से जुड़े खिलाड़ियों के संबंधित खेल में प्रदर्शन को परखा जाएगा।
खेल कौशल परीक्षण के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति अकादमियों में प्रशिक्षण के लिए अंतिम चयन करेगी। इन अकादमियों में नवीन प्रवेश के साथ पहले से प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों के नवीनीकरण के लिए भी चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।