रायपुर : छत्तीसगढ़ में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में UNICEF और राज्य के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में बच्चों में कुपोषण, एनीमिया, विकास में देरी और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में बच्चों के लिए चल रहे पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और स्वच्छता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जिलों में इनके प्रभावी विस्तार के निर्देश दिए।

पोषण कार्यक्रमों का जिलों तक विस्तार

बैठक में बच्चों के लिए कम्युनिटी मैनेजमेंट कार्यक्रम को सभी जिलों तक विस्तार देने पर चर्चा हुई। दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को खान-पान संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

बच्चों के लिए जरूरी माइक्रोन्यूट्रिएंट्स, फोलेट, विटामिन, विटामिन-बी12 और जिंक की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा टेक होम राशन की गुणवत्ता और प्रभावशीलता बढ़ाने तथा घर में पौष्टिक भोजन और बच्चों को बेहतर तरीके से भोजन कराने की पद्धतियों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई।

गांवों में अनाज बैंक की अवधारणा पर चर्चा

बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर अनाज बैंक की अवधारणा पर भी विचार किया गया। इसके जरिए अनाज, दाल और फलियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने पर चर्चा हुई। राज्य के किसानों तक विविध और पोषक तत्वों से भरपूर फसलों एवं दालों के अच्छे बीज पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

एनीमिया और मलेरिया पर भी चर्चा

बच्चों में एनीमिया की स्थिति को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। बस्तर क्षेत्र में बच्चों में एनीमिया से निपटने के लिए चलाए जा रहे विशेष स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी अधिकारियों ने दी। वहीं एंटी-मलेरिया अभियान के चलते राज्य में मलेरिया के मरीजों की संख्या में आई कमी को भी बैठक में साझा किया गया।

मुख्य सचिव ने सभी जिलों में बाल स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने और बच्चों एवं परिवारों तक जरूरी स्वास्थ्य व पोषण सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव अब्दुल कैसर हक, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, आयुक्त समग्र शिक्षा किरण कौशल सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By Author1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *