रायपुर, छत्तीसगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। वहीं, 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान आदिवासी समाज की गौरवशाली संस्कृति, परंपराओं, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और वीर नायकों के बलिदान को याद किया जाएगा। राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय समुदायों के लिए संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और आजीविका से जुड़ी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को आम लोगों तक पहुंचाना है। जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत प्रदेश के सरकारी और निजी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें निबंध लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय समाज की लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति संरक्षण की परंपराओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बस्तर से सरगुजा तक फैली छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय विरासत को प्रदर्शित करने के साथ उसके संरक्षण और संवर्धन का संदेश भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य जनजातीय महापुरुषों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाना और समाज की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना है। जनजातीय गौरव दिवस और सप्ताह के आयोजन से आदिवासी अस्मिता, सांस्कृतिक पहचान और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *