रायपुर। छत्तीसगढ़ के रेल इतिहास में 20 अक्टूबर 2026 का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। आजादी के बाद पहली बार रावघाट तक रेल पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरूद ब्रॉडगेज रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर रावघाट-रायपुर एवं रायपुर-कुरूद नई यात्री रेल सेवाओं का शुभारंभ होगा। साथ ही रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचना केवल रेल नेटवर्क का विस्तार नहीं, बल्कि बस्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और आवागमन की सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है और दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों तक आधुनिक परिवहन सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
रावघाट रेल लाइन से बस्तर के विकास को मिलेगी गति
दल्लीराजहरा से रावघाट के बीच लगभग 1,628 करोड़ रुपये की लागत से 95 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का निर्माण पूरा किया गया है। ताड़ोकी से रावघाट के बीच 17.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूर्ण होने के साथ ही यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो गई है। रेल संपर्क स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार तथा व्यापार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा रावघाट क्षेत्र के लौह अयस्क के परिवहन और भिलाई इस्पात संयंत्र सहित देश के इस्पात उद्योग की जरूरतों को पूरा करने में भी यह रेल मार्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अभनपुर-कुरूद रेल लाइन से यात्रियों को राहत
अभनपुर-धमतरी गेज परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत अभनपुर से कुरूद के बीच 22 किलोमीटर रेल लाइन का गेज परिवर्तन कार्य पूरा हो चुका है। इसके उद्घाटन से क्षेत्र में रेल संपर्क का विस्तार होगा और यात्रियों को राजधानी रायपुर तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। परियोजना के कुरूद-धमतरी खंड में शेष कार्य जारी है। रावघाट-रायपुर और रायपुर-कुरूद यात्री रेल सेवाएं शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे कृषि, पर्यटन, चिकित्सा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रायपुर में बनेगी आधुनिक इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस सुविधा
रेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ रायपुर में इलेक्ट्रिक रेल इंजन मेंटेनेंस फैसिलिटी का शिलान्यास भी किया जाएगा। इस आधुनिक सुविधा के विकसित होने पर भविष्य में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक रेल इंजनों के रखरखाव की क्षमता तैयार होगी। इससे रेल परिचालन को अधिक सुचारु बनाने और बढ़ती माल परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई रेल लाइनें, यात्री सेवाएं और आधुनिक रेल सुविधाएं छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई गति देंगी। रावघाट तक रेल पहुंचना बस्तर के लिए विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए दौर की शुरुआत साबित होगा।