कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नवरात्रि के अवसर पर कबीरधाम जिले के ग्राम भलपहरी और अचानकपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी बातों को सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम भलपहरी में अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन और शासकीय प्राथमिक शाला के अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण भी किया। दोनों गांवों में कुल 48 लाख 30 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई। ग्राम भलपहरी में हाई स्कूल रोड पर सीसी रोड निर्माण के लिए 2.60 लाख रुपये, प्राथमिक शाला में किचन शेड के लिए 4 लाख रुपये और अकालगरिहा पारा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये की घोषणा की गई। वहीं, ग्राम अचानकपुर में मंच निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए 5.20 लाख रुपये, मुख्य मार्ग से पंचराम के घर तक सीसी रोड के लिए 2.60 लाख रुपये तथा मैदान और गोठान के समतलीकरण के लिए 2-2 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। अटल डिजिटल सेवा केंद्र से गांव में मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं भलपहरी में 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि इस केंद्र से ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग और डिजिटल सेवाएं मिल सकेंगी। इसके माध्यम से महतारी वंदन योजना, वृद्धावस्था पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि निकालने के साथ जमा करने जैसी सुविधाओं का लाभ भी लिया जा सकेगा। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए शहर जाने की जरूरत कम होगी और उनके समय एवं आवागमन खर्च की बचत होगी। गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। विशेष रूप से बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सड़क, बिजली, आवास और अन्य जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय की बसाहटों तक सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी पर कार्रवाई, किसानों के हित में फैसले विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बैगा आदिवासियों के आवास की राशि में गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सरकारी राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने भोरमदेव शक्कर कारखाने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह कारखाना देश में सर्वाधिक रिकवरी वाला शक्कर कारखाना बना। उन्होंने बताया कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *