कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का भक्तिमय अंदाज कबीरधाम जिले के ग्राम ढोंघा और कोडार में देखने को मिला। सोमवार देर रात आयोजित मां दुर्गा पूजन एवं ज्योति कलश पूजन कार्यक्रमों में शामिल हुए विजय शर्मा ने हाथों में मंजीरा लेकर ग्रामीणों के साथ जसगीत गाए। ढोलक, झांझ और मंजीरे की थाप पर माता के भजनों के बीच वे ग्रामीणों के साथ भक्ति में झूमते नजर आए। माता के जयकारों और पारंपरिक जसगीतों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दोनों गांवों में मां दुर्गा के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए धार्मिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों के साथ भजन-कीर्तन में सहभागिता की। इस दौरान आस्था, लोक संस्कृति और आपसी आत्मीयता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ग्रामीणों के बीच बैठकर भक्ति गीतों में शामिल हुए और पारंपरिक जसगीतों की धुन पर मंजीरा बजाया। उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज ने ग्रामीणों के बीच उत्साह का माहौल बना दिया। देर रात तक चले इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की। धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस तरह धार्मिक आयोजनों के माध्यम से उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *