रायपुर : छत्तीसगढ़ में शहरों के बढ़ते विस्तार और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नगर तथा ग्राम निवेश विभाग को बड़ी मजबूती मिली है। राज्य गठन के बाद पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी नवचयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों की दिशा तय करने में इन युवा टाउन प्लानर्स की अहम भूमिका होगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरों का विकास सिर्फ आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को देखते हुए किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है। गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार होने के साथ नगरों की सीमाएं बढ़ रही हैं और प्रमुख सड़कों व शहरों के आसपास नई बसाहटें विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थान, जल निकासी और दूसरी नागरिक सुविधाओं की लंबे समय के लिए वैज्ञानिक प्लानिंग जरूरी है।

उन्होंने नवचयनित अधिकारियों को साफ संदेश देते हुए कहा कि टाउन प्लानिंग का काम केवल नक्शे तैयार करने या जमीन के उपयोग का निर्धारण करने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी और शहरों की भविष्य की तस्वीर पर पड़ता है। अच्छी प्लानिंग से शहर व्यवस्थित रहते हैं और भविष्य में अनियोजित विस्तार से पैदा होने वाली समस्याओं को कम किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों से सरकारी सेवा में ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन का हर फैसला किसी न किसी रूप में आम नागरिक को प्रभावित करता है। इसलिए लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवा अधिकारियों से अपनी तकनीकी शिक्षा और आधुनिक ज्ञान का इस्तेमाल छत्तीसगढ़ के बेहतर नियोजन में करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ बनने के बाद पिछले 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी, जबकि इस बार अकेले एक साथ 21 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे विभाग की क्षमता बढ़ेगी और तेजी से हो रहे शहरीकरण को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए रोजगार के क्षेत्र में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में अलग-अलग विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक और बिजली विभाग में 1200 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। नई औद्योगिक विकास नीति में रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उद्योगों, रोजगार मेलों, निजी क्षेत्र, स्वरोजगार और उद्यमिता के जरिए भी युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

वित्त एवं आवास-पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लिए सुनियोजित शहरीकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहरों के विस्तार के साथ टाउन प्लानिंग की भूमिका और बढ़ेगी। एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से विभाग की प्रोफेशनल क्षमता मजबूत होगी।

चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों से कहा कि उनकी भर्ती जिस पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया से हुई है, उसी पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली में भी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जब कोई नागरिक नक्शा स्वीकृति या किसी अन्य काम के लिए सरकारी कार्यालय पहुंचे तो उसे व्यवस्था में सरलता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता महसूस होनी चाहिए।

वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक सोच प्रदेश के विकास को नई गति दे सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ काम करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार ने वर्ष 2047 तक के विकास की दिशा तय करने के लिए ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ तैयार किया है। इसका उद्देश्य आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं और युवाओं के लिए अधिक अवसरों के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत करना है।

कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *